Kanpur Dehat: वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन… GPL फैक्टरी के बाहर लगा जमावड़ा

कानपुर देहात की रायपुर स्थित जीपीएल फैक्टरी में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सैकड़ों श्रमिकों ने काम बंद कर फैक्टरी गेट पर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एडीएम और एसडीएम ने मजदूरों से वार्ता कर मामला शांत कराया, जिसके बाद दोबारा उत्पादन शुरू हो सका।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 14 May 2026, 5:21 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: कानपुर देहात के रायपुर स्थित जीपीएल फैक्टरी में गुरुवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मजदूरों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सुबह सात बजे पहली शिफ्ट के कर्मचारी फैक्टरी पहुंचे, लेकिन काम शुरू करने के बजाय फैक्टरी गेट पर ही नारेबाजी करने लगे।

इसी दौरान रात की शिफ्ट में काम कर रहे मजदूर भी ड्यूटी खत्म होने के बाद बाहर आए और प्रदर्शन में शामिल हो गए। देखते ही देखते फैक्टरी गेट पर सैकड़ों मजदूर जमा हो गए। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए फैक्टरी का उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मजदूरों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के बावजूद उनके वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। ऐसे में परिवार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द वेतन बढ़ाने की मांग की।

Etah: कार के बोनट पर छलक रहे थे जाम, 16 थानों की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

फैक्टरी गेट पर लगा मजदूरों का जमावड़ा

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। कुछ ही देर में एडीएम, एसडीएम, सीओ समेत कई अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने पहले मजदूरों को शांत कराया और फिर उनकी समस्याएं सुनीं।

मजदूरों ने अधिकारियों को बताया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनकी सैलरी उसी हिसाब से नहीं बढ़ाई जा रही। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार प्रबंधन के सामने मांगें रखी गईं, लेकिन समाधान नहीं निकला। स्थिति को देखते हुए फैक्टरी परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। पुलिस बल लगातार हालात पर नजर बनाए रहा ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

प्रयागराज में धरती के नीचे छिपा बड़ा रहस्य…वैज्ञानिक भी हैरान! क्या सच में लौट आई ‘गायब’ सरस्वती?

एडीएम और एसडीएम के आश्वासन पर शांत हुए मजदूर

काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। एडीएम ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को नियमानुसार प्रबंधन के सामने रखा जाएगा और उचित कार्रवाई कराई जाएगी।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद मजदूर धीरे-धीरे शांत हुए और सुबह की शिफ्ट के कर्मचारी दोबारा काम पर लौट आए। इसके बाद फैक्टरी में उत्पादन कार्य फिर से शुरू हो सका। फिलहाल प्रशासन और फैक्टरी प्रबंधन की ओर से मजदूरों की मांगों पर आगे चर्चा किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं श्रमिकों ने साफ किया है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन किया जा सकता है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  14 May 2026, 5:21 PM IST

Advertisement