हिंदी
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में आज क्या हो रहा है? राजनीति से लेकर अपराध, शिक्षा, रोजगार, मौसम और सरकारी योजनाओं तक हर बड़ी खबर का ताजा अपडेट यहां मिलेगा। प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, नोएडा और गाजियाबाद समेत सभी जिलों की महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहें। सरकार के फैसलों, प्रशासनिक हलचल, पुलिस कार्रवाई, सड़क हादसों, चुनावी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की पल-पल की जानकारी यहां पढ़ें। यूपी की ब्रेकिंग न्यूज, बड़ी खबरें और स्थानीय घटनाक्रम जानने के लिए इस लाइव अपडेट को लगातार फॉलो करते रहें। हर जरूरी अपडेट सबसे पहले जानें।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को आगरा पहुंचेंगे। वह पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में आयोजित दलित महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आयोजित इस सम्मेलन को लेकर समाजवादी पार्टी ने व्यापक तैयारियां की है। शनिवार को ही सम्मेलन स्थल पर मंच, टेट, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं।
चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर यानी मुगलसराय में छठ महापर्व की धूम है। इसी बीच सुभाष नगर की सभासद आरती यादव अपने वार्ड में छठ घाट बनवाने को लेकर चर्चा में है। पिछले आठ वर्षों के संघर्ष के बाद तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर यहां घाट का निर्माण कराया जा रहा है। खास बात यह है कि उनके परिवार में पिछले 40 वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है। छठी मैया की आस्था और लोक परंपरा से जुड़ा यह महापर्व लाखों लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। शनिवार को खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। घरों में पारंपरिक तरीके से रोटी और खीर का प्रसाद तैयार किया गया।
प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री हादसे का शिकार हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 14 नवंबर शाम 5:50 बजे ट्रेन नंबर 14163 संगम एक्सप्रेस रवाना हो रही थी, तभी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी। मौके पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल प्रभाकर दुबे ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। महिला यात्री की पहचान 35 वर्षीय रुप के रूप में हुई है, जो सोनभद्र की रहने वाली है और सूबेदारगंज से मेरठ जा रही थीं।
हाथरस में मतदाताओं की सुविधा और निर्वाचन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद में 17 नवंबर 2026 से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (DCC) शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने, विवरण में संशोधन कराने और मतदान केंद्र सहित निर्वाचन से जुड़ी अन्य जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 और लैंडलाइन नंबर 05722-297083 जारी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चितबड़ागांव थाने में तैनात उप निरीक्षक संदीप कुमार प्रजापति (28) की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सिद्धार्थनगर के उसका बाजार क्षेत्र में बकैनिया-गंगाधरपुर संपर्क मार्ग के निर्माण में अनियमितता के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर बिना उचित लेवलिंग और रोलर चलाए गिट्टी बिछाकर काम किया जा रहा है। सड़क की चौड़ाई और दोनों ओर पटरी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
सुलतानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र के अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर रामबाग ढाबे के पास रविवार को बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अमेठी जिले के पंवारी निवासी शिवकुमार जायसवाल (54) अपनी पत्नी कमलेश जायसवाल (52) के साथ रिश्तेदारी में हलियापुर जा रहे थे। रामबाग ढाबे के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो (यूपी 32 आरवी 9771) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुलतानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर निवासी टेंट व्यवसायी लालजी यादव की शनिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई शाम करीब 6:30 बजे वह घर से अखण्डनगर बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे इसी दौरान बजरंग चौक पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी हादसे में गंभीर रूप से घायल लालजी यादव को स्थानीय लोगों ने सीएचसी अखण्डनगर पहुंचाया जहां चिकित्सक डॉ. शशांक शुक्ला ने उन्हें मृत घोषित कर दिया घटना की सूचना पर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कराई सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही हैं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी हैं हादसे की खबर से अखण्डनगर बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।
Location : Lucknow
Published : 15 November 2026, 9:37 AM IST