गाजियाबाद में खूनी संघर्ष, लोनी में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में शनिवार रात को आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने पहुंची 35 वर्षीय महिला को अपनी जान गंवानी पड़ गई! वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 November 2026, 4:13 AM IST
google-preferred

Ghaziabad: जनपद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में शनिवार रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने आरोपियों के घर पहुंची 35 वर्षीय महिला पूजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ आए परिवार के अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई और फायरिंग की गई।

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। दो नंबर स्थित मूवी मैजिक सिनेमा के पास हुई वारदात से इलाके में तनाव फैल गया। गोली चलने की आवाज आते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

मायके आई हुई थी महिला

इंद्रापुरी कॉलोनी निवासी बाबूलाल की बेटी पूजा की शादी दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। वह इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। शनिवार रात उसका भाई अमन घर से करीब 50 मीटर दूर बैठा था। इसी दौरान डी-ब्लॉक की दूसरी गली में रहने वाले कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर अमन से विवाद करने लगे।
आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पूजा अपने मौसेरे भाई अमित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची। आरोप है कि वहां दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने पूजा के सिर में गोली मार दी।
परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट और फायरिंग की गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क गए और आरोपियों के घर पहुंचकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

गाजियाबाद से मेरठ पहुंचे IAS विक्रमादित्य सिंह, अब इन चुनौतियों से होगा सामना

पुलिस की कार्रवाई

हंगामे की सूचना पर लोनी के चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाली जा रही है।

Location :  Ghaziabad

Published :  15 November 2026, 4:06 AM IST

Advertisement