गोरखपुर में भीषण सड़क हादसा: परीक्षा दिलाने जा रहे युवक की मौत, एक गंभीर घायल

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय युवक अनीश गोंड की मौत हो गई। वह अपनी बहन को इंटरमीडिएट की परीक्षा दिलाने ले जा रहा था। हादसे में दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बहन को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रामजानकी सड़क मार्ग पर सड़सड़ा गेट के पास स्थित एक मंदिर के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक अनीश गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे। अनीश को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बहन को इंटर की परीक्षा दिलाने जा रहा था अनीश

जानकारी के मुताबिक गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बेलपार पाठक निवासी अनीश गोंड (18) पुत्र विपिन गोंड सोमवार सुबह अपनी छोटी बहन श्रेया को बाइक से बड़हलगंज स्थित एमसीए पब्लिक स्कूल ले जा रहे थे। श्रेया वहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाली थी। सुबह करीब आठ बजे जब वे रामजानकी मार्ग पर सड़सड़ा गेट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक आंबेडकरनगर जिले के थाना जहांगीरगंज क्षेत्र के ग्राम खिरजीपुर निवासी रामदयाल (28) पुत्र रामाश्रय चला रहे थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनीश बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वहीं रामदयाल भी बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। अनीश की बहन श्रेया को भी चोटें आईं।

Sonbhadra News: रेल इंजन से कटकर अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में जुटी

घायल को किया अस्पताल रेफर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अनीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामदयाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। श्रेया को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि घायल रामदयाल अपनी ससुराल से नाराज होकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

Muzaffarnagar News: हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़, महिला सहित चार गिरफ्तार; ऐसे बनाते थे अपना शिकार…

इस दर्दनाक हादसे के बाद बेलपार पाठक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनीश परिवार का सहारा था और बहन को परीक्षा दिलाने ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 9 March 2026, 2:55 PM IST

Advertisement
Advertisement