हिंदी
उरुवा में आवारा कुत्ते का आतंक(Img: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (दक्षिणांचल) जिले के उरुवा क्षेत्र में पिछले चार दिनों से एक आवारा कुत्ते के आतंक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुत्ते ने बच्चों और बुजुर्गों समेत करीब 42 लोगों को काटकर घायल कर दिया। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग अकेले घर से निकलने में भी बच रहे हैं। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले जाया गया, जहां उपचार के बाद कई लोगों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में घूम रहा आवारा कुत्ता अचानक लोगों पर झपट पड़ता था। पिछले चार दिनों के दौरान उसने कई स्थानों पर बच्चों और बड़ों को अपना शिकार बनाया। कुत्ते के हमलों से ग्रामीणों में इस कदर भय है कि लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी परहेज कर रहे हैं।
हादसे के बाद जागा प्रशासन, गोरखपुर में खतरे में खड़े 200 मकानों की बनी लिस्ट
कुत्ते के हमले में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। इनमें भरवलिया की आठ वर्षीय आराध्या, नकौझा के 12 वर्षीय आर्यन, भरवलिया के 10 वर्षीय आरव, चार वर्षीय पिहू, टाड़ी के 10 वर्षीय फैज और विशुनपुरा की 12 वर्षीय काजल सहित अन्य बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। बच्चों के घायल होने के बाद अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
आवारा कुत्ते ने केवल बच्चों को ही निशाना नहीं बनाया। ग्रामीणों के अनुसार 50 वर्षीय नागेंद्र, 30 वर्षीय घनश्याम, 62 वर्षीय शैल और 78 वर्षीय धनपत समेत कई अन्य लोगों को भी कुत्ते ने काटा। एक साथ बड़ी संख्या में घायल लोगों के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से वहां भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उरुवा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी तिवारी ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल करीब 42 लोग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सभी को प्राथमिक उपचार के साथ टीटी इंजेक्शन और एंटी रैबीज वैक्सीन दी गई। जिन मरीजों को आगे उपचार की जरूरत थी, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गोरखपुर में गैंगस्टरों की खैर नहीं, फरार दो आरोपियों पर इनाम घोषित, तलाश शुरू
हमले के बाद से कुत्ता अब क्षेत्र में दिखाई नहीं दे रहा है। ग्रामीणों में चर्चा है कि वह संभवतः कहीं मर गया हो, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। कुत्ते के अचानक गायब होने से जिन लोगों को उसने काटा है, उनमें संक्रमण और रेबीज को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम (आईएएस) कुणाल रस्तोगी ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि कुत्ता जीवित है या क्षेत्र में कहीं और मौजूद है, इसकी जानकारी कराई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर कुत्ते की स्थिति का पता लगाने की बात कही गई है।
Location : Gorakhpur
Published : 8 September 2026, 11:22 AM IST