हिंदी
गोरखपुर में ड्राइवर को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप (Img- Dynamite News)
Gorakhpur : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव में शनिवार को ड्राइवर रखने को लेकर दो पट्टीदारों के बीच विवाद में गोली चलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 346/2026 में धारा 109 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक ड्राइवर को लेकर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि एक पट्टीदार के यहां ऑटो चलाने वाले चालक को दूसरे पक्ष ने अपने ट्रैक्टर पर काम करने के लिए रख लिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई और मामला गोली चलने तक पहुंच गया।
गोरखपुर में सड़क पर गाड़ी खड़ी करने वालों की खैर नहीं! 17 का चालान, 18 वाहन सीज
मरवटिया निवासी अनिल यादव पुत्र स्वर्गीय शहीद जीतन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार सुबह करीब 6:45 बजे उनके पट्टीदार विकास यादव और विशाल यादव ने उनके बेटे ज्वाला यादव को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से दो गोलियां चलाई।
आरोपी विकास यादव (Img- Dynamite News)
तहरीर के मुताबिक, ज्वाला ने दीवार की आड़ लेकर अपनी जान बचाई। इसके बाद पिस्टल छीनकर डायल 112 पर सूचना दी गई। शिकायतकर्ता ने मौके पर खोखे मिलने और घटना के समय परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों के मौजूद रहने की बात भी कही है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
वहीं, विकास यादव ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में ड्राइवर को लेकर विवाद होने की बात कही। उसने आरोप लगाया कि ज्वाला यादव, उनके पिता अनिल यादव उर्फ लोहा यादव और उनके सहयोगियों ने उसे मारने के लिए दौड़ाया, जिसके बाद उसने भागकर अपनी जान बचाई। इस तरह दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।
गोरखपुर में ट्रेलर की चपेट में आए 55 वर्षीय राजेश दूबे, गंभीर हालत में घायल; चालक पुलिस के हवाले
खजनी पुलिस के अनुसार, मामले में 7.65 एमएम की एक पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार दोपहर 1:25 बजे मरवटिया गांव से विकास यादव (26) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकित कुमार तथा कांस्टेबल योगेश प्रजापति, अनंत श्रीवास्तव, देवेश और सूरज वर्मा शामिल रहे।
प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह ने बताया कि पिस्टल बरामद कर ली गई है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 24 October 2026, 5:22 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Gorakhpur Police UP News