हिंदी
एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई (Image Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश में बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी राकेश पुत्र तारिका प्रसाद ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी पत्नी सीमा देवी को बरामद कराने की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक, उसकी पत्नी करीब एक महीने पहले बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। उस समय उसके पास पैरों में पायल और नाक में सोने की लौंग थी।
राकेश का कहना है कि पत्नी के घर से जाने के बाद उसने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। करीब चार दिन पहले उसे जानकारी मिली कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम पलिया मेहदी निवासी दो युवकों ने उसकी पत्नी को कथित तौर पर अपने घर और अन्य स्थानों पर बंधक बनाकर रखा है। इसी जानकारी के आधार पर उसने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोग आसपास के लोगों के माध्यम से उस पर दबाव बनवा रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। राकेश के मुताबिक, वह गरीब मजदूर है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।
उसने यह भी बताया कि उसके पिता दृष्टिबाधित हैं और उसका एक छोटा बच्चा है, जो मां के दूध पर निर्भर है। ऐसे में पत्नी के लापता होने से परिवार के सामने गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है। पीड़ित का कहना है कि पत्नी की तलाश और बच्चे की देखभाल को लेकर वह लगातार परेशान है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और जल्द से जल्द पत्नी का पता लगाने की अपील की है।
राकेश के अनुसार, उसने 5 सितंबर 2026 को सिविल लाइंस थाने में शिकायत देकर अपनी पत्नी को तलाशने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी। हालांकि, उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह न्याय की उम्मीद लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा।
Hathras News: हाथरस में 3 कॉलोनियों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अब अगली बारी किसकी?
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने, पत्नी को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 24 October 2026, 4:31 PM IST