गोरखपुर: सड़क हादसे में रिटायर्ड फौजी की मौत, परिजनों में कोहराम

जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बारीगांव निवासी रिटायर्ड फौजी गौरीशंकर (61) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया…पढिए पूरी खबर

गोरखपुर: जनपद के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बारीगांव निवासी रिटायर्ड फौजी गौरीशंकर (61) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरी खबर?

मिली जानकारी के अनुसार, बारीगांव निवासी गौरीशंकर भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और गांव में सादगी भरा जीवन व्यतीत कर रहे थे। सोमवार को वे अपनी बेटी को उसकी बुआ के घर इन्नाडीह छोड़ने गए थे। रात में घर लौटते समय बारीगांव-बनकटा मोड़ पर उसरैन के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरीशंकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 सुधार न होने पर लखनऊ रेफर...

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल ढेबरा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह इलाज के दौरान गौरीशंकर ने दम तोड़ दिया।

 परिजनों में कोहराम

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार को परिजन शव लेकर सिकरीगंज थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने के साथ-साथ फरार कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मुकदमा दर्ज 

इस संबंध में थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के पुत्र अमरनाथ की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की

 

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 10 February 2026, 5:34 PM IST

Advertisement
Advertisement