हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलुआताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित चल रहे मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष सूरज सिंह के नेतृत्व में चिलुआताल पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 72/25, धारा 103(1) व 351(2) भा.न्या.सं. से संबंधित अभियुक्त अजित उर्फ मावेन्द्र को गिरफ्तार किया। आरोपी महराजगंज जिले के पनियारा थाना क्षेत्र के हेम छापर टोला पोखरहवा का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गोरखपुर में युवक पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों और बैट से पीटकर किया लहूलुहान
पुलिस के अनुसार, यह मामला बेहद सुनियोजित साजिश से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादिनी की अचल संपत्ति हड़पने की नीयत से उसके पुत्र को निशाना बनाया। पहले उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में लिया गया और फिर उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर थाना चिलुआताल में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नेपाल हादसे के बाद 19 भारतीय तीर्थयात्री सुरक्षित भारत लाए गए, गोरखपुर में चल रहा इलाज
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक विशाल श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल अजय नारायण सिंह, कांस्टेबल कृष्ण कुमार सिंह तथा कांस्टेबल दीपक कुमार यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है।
Location : Gorakhpur
Published : 25 April 2026, 3:02 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur land dispute murder Police Action