हिंदी
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान मोहल्ला काली बगिया निवासी अनस पुत्र लहिक के रूप में हुई है। अनस पशु खरीद-बिक्री का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में शोक की लहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनस अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनस सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक गाड़ी लेकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके।
Budaun: बिसौली में बाईपास या ओवरब्रिज? फेसबुक पर जनता ने दी अपने इलाके की समस्याओं पर राय
गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अंडरपास के पास स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पिकअप और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगनी चाहिए।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Location : Budaun
Published : 25 April 2026, 2:26 PM IST
Topics : Budaun Crime crime news UP News UP Police