हिंदी
इटावा में महिला सिपाही ने उठाया खौफनाक कदम
Etawah: मामूली बात को लेकर एक महिला सिपाही ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। परिजनों में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार मृतका प्रियंका (30) सैफई थाने में तैनात थी। वह 2019 बैच की महिला सिपाही थी। वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी और पति रजत व डेढ़ साल की बच्ची के साथ पुलिस लाइन में रहती थी। प्रियंका रविवार को खरीदारी के लिए बाजार गई थी। वहां से घर लौटने में देर हो गई। इसी बात को लेकर घर पहुंचने के बाद पति से उसका विवाद हो गया।
विवाद के बाद पति घर से बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो प्रियंका घर में अचेत अवस्था में पड़ी थी। पति ने पड़ोसियों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर महिला सिपाही को सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर कर दिया।
वहां डॉक्टर ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति से विवाद के बाद महिला सिपाही ने सल्फास खा लिया था। इससे उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान मौत हो गई।
Location : Etawah
Published : 10 August 2026, 5:04 AM IST