हिंदी
थर्ड जेंडर के साथ मारपीट
Bareilly : रामपुर गार्डन स्थित हीलियोस जिम में गाड़ी तोड़े जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात गंभीर आरोपों तक पहुंच गया। प्रेमनगर क्षेत्र के कोहाड़ापीर निवासी थर्ड जेंडर सलमान उर्फ मन्नू सूरी ने जिम संचालक और उसके साथियों पर मारपीट, अभद्रता, कपड़े फाड़ने और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सलमान उर्फ मन्नू सूरी के मुताबिक, 7 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे उसके मुंहबोले भाई विशाल ने फोन कर बताया कि हीलियोस जिम के बाहर उसकी गाड़ी को तोड़ दिया गया है। सूचना मिलने के बाद मन्नू अपने दो साथियों के साथ जिम पहुंचा और संचालक अश्वनी शर्मा से इस मामले को लेकर बातचीत की।
आरोप है कि बातचीत के दौरान जिम संचालक ने कहा कि गाड़ी तोड़ने वाले व्यक्ति की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बताया जाएगा। इसके बाद मन्नू और उसके साथी वहां से वापस लौट गए।
मन्नू सूरी का आरोप है कि उसी दिन रात करीब 10 बजे उसके एक साथी के मोबाइल पर जिम संचालक के साथी का फोन आया। फोन पर बताया गया कि गाड़ी तोड़ने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिल गई है और उन्हें जिम बुलाया गया।
इसके बाद मन्नू अपने साथियों के साथ दोबारा हीलियोस जिम पहुंचा। उसका आरोप है कि वहां जिम संचालक अश्वनी शर्मा के अलावा सुशील, अंकित, अजय और तीन-चार अन्य लोग मौजूद थे।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि जिम पहुंचने के बाद मामले को सुलझाने के बजाय विवाद बढ़ गया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की गई।
मन्नू सूरी ने आरोप लगाया कि उसके साथ गलत व्यवहार किया गया, कपड़े फाड़े गए और मारपीट के दौरान गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। उसका कहना है कि हालत बिगड़ने के बाद वह बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया।
घटना के बाद कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में हंगामा और मारपीट का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर जिम संचालक अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। वायरल वीडियो, घटनास्थल और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 10 August 2026, 12:41 AM IST