हिंदी
पेड़ से टकराया श्रद्धालुओं से भरा लोडर (Img: Dynamite News)
Fatehpur: फतेहपुर में रविवार सुबह श्रद्धालुओं से भरा एक लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में जा घुसा और पेड़ से टकरा गया। हादसा बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बिंदकी-कुंवरपुर रोड पर अलियाबाद गांव के पास हुआ। लोडर में करीब दो दर्जन श्रद्धालु सवार थे, जो प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित मानगढ़ श्री कृपालु धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के कोरवा गांव के श्रद्धालु रविवार सुबह लोडर से मानगढ़ धाम के लिए निकले थे। बिंदकी-कुंवरपुर मार्ग पर अलियाबाद गांव के पास पहुंचते ही लोडर अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे खंदक में चला गया और वहां मौजूद पीपल के पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घायलों को वाहन से बाहर निकालने के साथ ही पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें- सीतापुर में बाघ का आतंक जारी, किसान की मौत के 25 दिन बाद भी पकड़ से बाहर, जंगल से खेत तक फैला वन विभाग का जाल
दुर्घटना में लोडर में सवार करीब दो दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में शीलू देवी, निशा, छाया देवी, नैना, प्रीति, छुटकी देवी और उमेरी समेत कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर और जिला अस्पताल भेजा। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लोडर के पेड़ से टकराने के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में लोडर के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें- निचलौल में तीन बाइकों की भीषण भिड़ंत, सड़क पर मची चीख-पुकार; 7 घायल, मां-बेटी जिला अस्पताल रेफर
कोरवा गांव के श्रद्धालु जिस उत्साह के साथ मानगढ़ धाम के दर्शन के लिए निकले थे, रास्ते में हुए हादसे ने पूरे सफर को दर्दनाक बना दिया। एक साथ इतने लोगों के घायल होने की खबर के बाद उनके परिवारों में भी चिंता का माहौल है।पुलिस और प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज पर नजर रखी जा रही है।
Location : Fatehpur
Published : 9 August 2026, 7:59 PM IST