गोरखपुर में तेज रफ्तार का कहर, खरीदारी करने निकली मासूम को ट्रेलर ने रौंदा

गोरखपुर के गोला कस्बे में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बच्ची को कुचल दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था और भारी वाहनों पर सख्ती की मांग उठाई है।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गोला कस्बे का पश्चिमी चौराहा शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे का गवाह बन गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर समेत फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। घटना पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर होने के कारण लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। गोला उपनगर निवासी विकास की “राही कुटीर” नाम से दुकान पश्चिमी चौराहे से करीब सौ कदम दूर राम जानकी मार्ग पर स्थित है। बताया जा रहा है कि विकास की भांजी शीतल कुमारी (13) पुत्री स्वर्गीय नारायण, निवासी अहिरौली थाना गोला, किसी सामान की खरीदारी के लिए चौराहे की ओर जा रही थी। उसी दौरान उरुवा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और शीतल को अपनी चपेट में ले लिया।

Dynamite News Exclusive : चंद्रनाथ रथ मर्डर में सीसीटीवी ने बढ़ाई एजेंसियों की मुश्किलें, रात तक बलिया में था आरोपी

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर का पहिया शीतल के ऊपर से गुजर गया। मौके पर मौजूद लोग तुरंत दौड़ पड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने घायल बच्ची को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि परिजन और स्थानीय लोग ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी की मांग को लेकर अड़े रहे। इसी कारण देर रात तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका था।

मुजफ्फरनगर में हाईवे पर घिरी स्विफ्ट कार, फिर शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 राज्यों में गैंग था एक्टिव

लोगों ने प्रशासन पर उठाए सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि पश्चिमी चौराहे पर लंबे समय से भारी वाहनों की तेज रफ्तार खतरा बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। नागरिकों ने चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाने, ट्रैफिक नियंत्रण बढ़ाने और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो शायद मासूम शीतल की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Location :  गोरखपुर

Published :  16 May 2026, 10:29 PM IST

Advertisement