हिंदी
पुलिस पहुंची तो मच गई भगदड़ (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: शनिवार देर रात बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बाहर अचानक माहौल बदल गया। पुलिस की कई गाड़ियां एक साथ मेडिकल कॉलेज परिसर के आसपास पहुंचीं और कुछ ही देर में एम्बुलेंस चालकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई चालक अपने वाहन छोड़कर भागने लगे, जबकि पुलिस ने एक-एक एम्बुलेंस की जांच शुरू कर दी। देर रात चले इस अभियान के बाद 18 एम्बुलेंस सीज कर दी गईं और पांच चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। आखिर इतनी बड़ी कार्रवाई क्यों हुई? इसकी वजह पिछले कई दिनों से मिल रही शिकायतें थीं।
पुलिस के मुताबिक, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी एम्बुलेंस चालक बीआरडी मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराते थे। आरोप है कि इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था। इसके अलावा मनमाना किराया वसूलने और नियमों के विपरीत एम्बुलेंस संचालन की शिकायतें भी सामने आई थीं।
इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
एसपी सिटी निमिष पाटिल, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह और थाना गुलरिहा पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात मेडिकल कॉलेज के आसपास सघन चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही कुछ चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने पीछा कर पांच चालकों को पकड़ लिया। सभी से गुलरिहा थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में कई एम्बुलेंसों के पास वैध पंजीकरण, फिटनेस, बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। कुछ वाहन किसी मान्यता प्राप्त अस्पताल से संबद्ध भी नहीं पाए गए। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर 18 एम्बुलेंस सीज कर दी गईं और संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
गौतमबुद्ध नगर में जल्द आएगी बाढ़! हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ा, 18 बाढ़ चौकियां एक्टिव
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों का आर्थिक शोषण किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एम्बुलेंस संचालन से जुड़े सभी नियमों का पालन अनिवार्य है। अवैध वसूली, फर्जी दस्तावेज या नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई एम्बुलेंस चालक मरीजों को गुमराह कर निजी अस्पताल ले जाने की कोशिश करता है या तय दर से अधिक किराया मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 19 July 2026, 10:50 AM IST