हिंदी
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भरोसे का फायदा उठाकर कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत एक महिला ने आरोप लगाया है कि 80 हजार रूपए का कर्ज लेने के बाद आरोपी ने उसके दस्तावेज अपने पास रख लिए और उन्हीं कागजात के आधार पर उसके नाम से ₹10 लाख का लोन निकलवा लिया। पीड़िता का दावा है कि इस लोन में से ₹3 लाख आरोपी ने अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करा लिए। मामले की शिकायत लेकर महिला सदर कोतवाली पहुंची और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पीड़िता चित्रा देवी, पत्नी स्वर्गीय संजय और निवासी मेहड़ा पुरवा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने आरोपी गोलू पुत्र स्वर्गीय महेंद्र से ₹80 हजार उधार लिए थे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने सुरक्षा के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और सादे कागज पर अंगूठे के निशान ले लिए।
पीड़िता का कहना है कि बाद में इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम से बैंक से ₹10 लाख का लोन स्वीकृत करा लिया गया।
महिला का आरोप है कि लोन की रकम में से ₹3 लाख आरोपी ने अपनी पत्नी रजनी देवी के बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। जब उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी हुई और उन्होंने पैसे के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
चित्रा देवी का कहना है कि वह नगर पालिका में सफाई कर्मी हैं और रोज ड्यूटी पर आती-जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
80 हजार रूपए उधार लिए, फिर बदल गई पूरी कहानी; देवरिया से चौंकाने वाला मामला
पीड़िता ने मांग की है कि आरोपी और उसके परिवार के बैंक खातों की जांच कराई जाए, कथित रूप से हड़पी गई रकम वापस दिलाई जाए और धमकी देने वाले सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस को तहरीर दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
Location : Deoria
Published : 19 July 2026, 2:09 PM IST
Topics : Cyber Fraud Deoria News loan fraud