हिंदी
हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र में भरा पानी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Noida: गौतमबुद्ध नगर में हिंडन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। कई जगह पानी भरने की सूचना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और लोगों को सावधानी बरतने की अपील की। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने पहले से तैयार 18 बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है।
एडीएम अजीत कुमार सिंह ने यूसुफपुर और डूब क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी लाउडस्पीकर के जरिए भी दी जा रही है। जिससे लोग समय रहते सतर्क हो सकें।
यह भी पढ़ें-नकल का वीडियो बनाना छात्र को पड़ा भारी! UP Board ने रिजल्ट किया रद्द, स्कूल 3 साल के लिए ब्लैकलिस्ट
एडीएम अजीत कुमार सिंह ने बताया कि हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई। जिले में पहले से स्थापित 18 बाढ़ चौकियों को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है। इन चौकियों के जरिए नदी और आसपास के इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।
जलस्तर बढ़ने के बाद बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों को भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने अधिकारियों को संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों को भी नदी के आसपास जाने और पानी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हिंडन नदी का जलस्तर बहुत अधिक नहीं बढ़ा है और स्थिति नियंत्रण में है। इसके बावजूद किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।
Location : Noida
Published : 19 July 2026, 10:45 AM IST