हिंदी
गोरखपुर से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां देवई पीपर गांव के दक्षिण सरयू नदी में डूबे 14 वर्षीय अमन का शव करीब 36 घंटे बाद गुरुवार तड़के बरामद हुआ। शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर पूरब रकौली के गोडियाना घाट के पास नदी किनारे मिला।
डूबे मासूम का 36 घंटे बाद मिला शव
गोरखपुर: गोला थाना क्षेत्र में सरयू नदी ने एक बार फिर मासूम की जिंदगी निगल ली। देवई पीपर गांव के दक्षिण सरयू नदी में डूबे 14 वर्षीय अमन का शव करीब 36 घंटे बाद गुरुवार तड़के बरामद हुआ। शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर पूरब रकौली के गोडियाना घाट के पास नदी किनारे मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
जानकारी के मुताबिक, अमन मंगलवार शाम अपने दोस्तों के साथ सरयू नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथियों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ी और खोजबीन शुरू हुई। दोस्तों की निशानदेही पर नदी किनारे अमन के कपड़े मिलने के बाद डूबने की आशंका पुख्ता हो गई।
सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बुधवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने स्टीमर के जरिए नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन पूरे दिन की मशक्कत के बावजूद अमन का कोई सुराग नहीं मिला। देर शाम टीम वापस लौटी, जबकि अगले दिन फिर से तलाश शुरू करने की योजना बनाई गई थी।
इसी बीच गुरुवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने गोडियाना घाट के पास नदी किनारे एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पहचान करने पर शव अमन का ही निकला। यह दृश्य इतना दर्दनाक था कि मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नायब तहसीलदार जय प्रकाश और थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, जिसके बाद शव बरामद हुआ।