हिंदी
सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती (Img- Internet)
New Delhi: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को तबीयत खराब होने के बाद सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें बुखार की शिकायत के बाद 24 मार्च को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इस बीच राहुल गांधी गुरुवार सुबह सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे और मां सोनिया गांधी की सेहत का हाल जाना। उन्होंने बताया कि वे रातभर अस्पताल में छोटे सोफे पर रहकर उनकी देखभाल करते रहे। जिसके बाद राहलु गांधी ने अपना केरला दौरा रद्द कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार को उनकी सेहत को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, सोनिया गांधी की हालत स्थिर बनी हुई है और उनके इलाज का सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। उन्हें एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जिससे संक्रमण में सुधार हुआ है।
सोनिया गांधी का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की देखरेख में चल रहा है, जिसमें डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु शामिल हैं। यह टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। डॉक्टर संक्रमण के स्रोत की पहचान करने के लिए विस्तृत जांच भी कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचे और अपनी मां की सेहत का हाल जाना। इससे पहले उन्होंने केरल में एक जनसभा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए बताया था कि वे अस्पताल में ही एक छोटे सोफे पर रातभर रुके और अपनी मां की देखभाल की।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी की स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं है। डॉक्टरों की टीम उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रही है और आवश्यक चिकित्सा उपचार जारी है।
डॉक्टरों ने बताया कि सोनिया गांधी के पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट में संभावित संक्रमण की जांच की जा रही है। इसके आधार पर उन्हें एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जिनका असर सकारात्मक बताया जा रहा है। जल्द ही उनकी स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, मौसम में बदलाव की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी हो सकती है। डॉक्टरों का मानना है कि इस तरह के संक्रमण मौसम परिवर्तन के दौरान आम होते हैं और सही इलाज से जल्दी ठीक हो जाते हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि यदि इसी तरह सुधार जारी रहा तो सोनिया गांधी को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। फिलहाल उन्हें आराम और निगरानी में रखा गया है ताकि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही घर भेजा जा सके।
Location : New Delhi
Published : 26 March 2026, 11:14 AM IST