हिंदी
दोहरे शव कांड
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना मलावन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पुरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला और एक पुरुष के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। सुबह ग्रामीणों की नजर जब इस घटना पर पड़ी तो पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ ग्रामीण इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ लोग अन्य आशंकाएं जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और जांच पूरी होने तक इंतजार करने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सकीट कृतिका सिंह और थाना प्रभारी आर.के. सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू की। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सकीट कृतिका सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। थाना प्रभारी आर.के. सिंह ने भी कहा कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतकों की पहचान तथा उनके आपसी संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले की सच्चाई सामने आने तक सभी की नजरें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Location : Etah
Published : 11 February 2026, 12:33 PM IST
Topics : etah crime etah news Etah Police up crime UP News