हिंदी
समीक्षा बैठक
Budaun : बरेली रेंज में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एक अहम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों के पुलिस कप्तान शामिल हुए। इस हाई-लेवल मीटिंग में DIG अजय कुमार साहनी ने अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और साइबर क्राइम पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान DIG ने सीसीटीएनएस पर 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, पॉक्सो, दहेज हत्या और सांप्रदायिक मामलों की जांच को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कई मामलों में धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
DIG ने साइबर क्राइम की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साइबर थानों और हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए और पीड़ितों की धनराशि जल्द से जल्द सुरक्षित कराई जाए। साथ ही साइबर मामलों के निस्तारण में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
बरेली में खाकी बनी फरिश्ता, धूप में खराब स्कूल वैन को धक्का लगाकर पुलिस ने बच्चों को दी राहत
एनडीपीएस एक्ट, ऑपरेशन दहन और पीआईटी एनडीपीएस के तहत चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए DIG ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध संपत्तियों की जब्ती, गुंडा एक्ट और NSA की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश भी दिए गए।
बैठक में मिशन शक्ति अभियान और महिला सुरक्षा मामलों की भी समीक्षा की गई। DIG ने महिला उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला बीट प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
DIG ने पुलिस को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत खंडन किया जाए और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही ई-साक्ष्य ऐप, डिजिटल रिकॉर्डिंग और ई-समन प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए ताकि जांच प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा सके।
Location : Budaun
Published : 3 June 2026, 3:38 AM IST