हिंदी
बरेली में खाकी बनी फरिश्ता
Bareilly: बरेली में भीषण गर्मी के बीच सोमवार को एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने लोगों का दिल जीत लिया। सिविल लाइन क्षेत्र के नवल्टी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे देखकर हर कोई खाकी को सलाम कर रहा है। धूप में फंसी एक स्कूल वैन के खराब हो जाने पर पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे धक्का लगाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया और बच्चों को राहत दिलाई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे नवल्टी चौराहे पर एक स्कूल वैन अचानक बीच सड़क पर बंद हो गई। वैन में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे बैठे हुए थे, जो तेज धूप और गर्मी के कारण परेशान होने लगे। इंजन बंद होने के बाद वाहन दोबारा स्टार्ट नहीं हो सका, जिससे सड़क पर जाम लगने की स्थिति बनने लगी।
इलाज से ज्यादा इंतजार बना मुसीबत, रायबरेली जिला अस्पताल में भीड़ और अव्यवस्था का भयानक सच आया सामने
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खुद वैन को धक्का लगाकर सड़क किनारे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। इस दौरान बच्चे काफी घबराए हुए थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने शांत कराया और उन्हें पानी भी उपलब्ध कराया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों और संबंधित लोगों को सूचना दी, ताकि बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जा सके। कुछ ही मिनटों में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और चौराहे पर यातायात व्यवस्था फिर से सामान्य हो गई।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया। लोग ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि जब भीषण गर्मी में आम लोग एसी कमरों में रहते हैं, तब खाकी सड़कों पर उतरकर इंसानियत की मिसाल पेश करती है। कई लोगों ने पुलिसकर्मियों को “फरिश्ता” तक कहा और उनके इस काम को सराहनीय बताया।
दो बच्चों को दिया खीरा, तीसरे को लेकर हुए फरार! बरेली से मासूम के गायब होने से हड़कंप
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और सहायता करना है। नवल्टी चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जिस तरह तत्परता दिखाते हुए बच्चों की मदद की, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों की वजह से विभाग की छवि और मजबूत होती है।
Location : Bareilly
Published : 1 June 2026, 9:06 PM IST