मुजफ्फरनगर में अनोखा दशहरा! रावण, मेघनाद, कुंभकरण के साथ भ्रष्टाचार का पुतला भी जला

मुजफ्फरनगर के नुमाइश कैंप ग्राउंड में 65 फीट के रावण, मेघनाद, कुंभकरण और भ्रष्टाचार के पुतले का दहन हुआ। दशहरा उत्सव में हजारों लोग शामिल हुए।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 20 October 2026, 11:08 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर में विजयदशमी के अवसर पर नुमाइश कैंप ग्राउंड में भव्य दशहरा उत्सव आयोजित किया गया। जय श्रीराम के जयघोष और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच 65 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद, कुंभकरण और भ्रष्टाचार के प्रतीकात्मक पुतले का दहन किया गया। आयोजन में करीब तीन से चार हजार लोग शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने रिमोट का बटन दबाकर पुतलों का दहन किया। लेजर लाइट शो और आकर्षक झांकियां कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

65 फीट के रावण के साथ मेघनाद-कुंभकरण का दहन

मुजफ्फरनगर के नुमाइश कैंप ग्राउंड में मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के दौरान लोगों की भीड़ उमड़ी। शाम करीब 7:45 बजे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रिमोट का बटन दबाकर पुतलों का दहन किया। देखते ही देखते 65 फीट ऊंचा रावण, 55 फीट का मेघनाद और 50 फीट का कुंभकरण आग की लपटों में घिर गए। आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा मैदान गूंज उठा।

सुल्तानपुर में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, रावण दहन के साथ गूंजा जय श्रीराम

कॉकरोच के रूप में बना पुतला, बाद में रखा गया भ्रष्टाचार नाम

इस बार दशहरा उत्सव में चौथे पुतले ने खास ध्यान खींचा। शुरुआत में 15 फीट के इस पुतले को कॉकरोच के रूप में तैयार किया गया था, लेकिन दहन से कुछ घंटे पहले श्रीराम सेवा दल की कमेटी ने आपसी सहमति से इसका नाम बदलकर भ्रष्टाचार कर दिया। इसके बाद इस पुतले का भी दहन किया गया। आयोजन के माध्यम से भ्रष्टाचार समेत सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने और अच्छाई के रास्ते पर चलने का संदेश दिया गया।

36 वर्षों से आयोजित हो रहा दशहरा उत्सव

श्रीराम सेवा दल की ओर से पिछले 36 वर्षों से नुमाइश कैंप ग्राउंड में दशहरा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस बार चारों पुतलों के निर्माण पर करीब दो लाख रुपये खर्च किए गए। पुतला दहन से पहले आकर्षक झांकियों, लेजर लाइट शो और रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने दर्शकों का मनोरंजन किया।

रावण-मेघनाद के साथ 30 फीट ऊंचे कॉकरोच का दहन! दिल्ली के दशहरा महोत्सव में गरमाई सियासत, सौरभ भारद्वाज की FIR की मांग

भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। एसपी सिटी अमृत जैन और एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की, जबकि एसपी ट्रैफिक अतुल चौबे अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। कड़ी सुरक्षा के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रावण दहन के साथ लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  20 October 2026, 11:54 PM IST

Advertisement