हिंदी
बरेली सड़क दुर्घटना (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में पासपोर्ट लेने के लिए घर से निकले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार 16 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। चार महीने पहले ही युवक की शादी हुई थी। घटना ने परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया।
रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के खौदलपुर निवासी 26 वर्षीय साकिब सैफी पुत्र अबरार हुसैन सोमवार सुबह अपने 16 वर्षीय भांजे अनस के साथ बाइक से बरेली के लिए निकले थे। दोनों पासपोर्ट लेने आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साकिब को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे अनस को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ये भी पढ़ें: Bareilly News: बरेली में 16 वर्षीय अर्जुन की चाकू मारकर हत्या, बड़े भाई को बचाने पहुंचा था किशोर
सड़क हादसे में साकिब की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चचेरे भाई वसीम ने बताया कि साकिब की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया। नई जिंदगी की शुरुआत के कुछ ही महीने बाद साकिब की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अनस को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, साकिब के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
ये भी पढ़ें: Bareilly College News: असाइनमेंट और नंबरों के विवाद में 3 शिक्षक निलंबित, प्रबंध समिति से भी मांगा जवाब
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Bareilly
Published : 19 October 2026, 5:55 PM IST