Bareilly College News: असाइनमेंट और नंबरों के विवाद में 3 शिक्षक निलंबित, प्रबंध समिति से भी मांगा जवाब

बरेली कॉलेज में बीएससी विद्यार्थियों के असाइनमेंट और आंतरिक मूल्यांकन से जुड़े विवाद में गणित विभाग के तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है। पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई। दूसरी ओर, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने प्रबंध समिति और प्राचार्य से दस बिंदुओं पर जवाब मांगा है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 October 2026, 12:15 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली कॉलेज में बीएससी विद्यार्थियों के असाइनमेंट और आंतरिक मूल्यांकन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तीन शिक्षकों के निलंबन तक पहुंच गया है। गणित विभाग के तीन शिक्षकों पर कार्रवाई के बाद कॉलेज की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। प्रबंध समिति की पांच सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया। वहीं, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य और प्रबंध समिति सचिव से दस बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। ऐसे में अब इस पूरे मामले में कॉलेज प्रशासन का अगला कदम अहम माना जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन शिक्षकों पर कार्रवाई

निलंबित किए गए शिक्षकों में गणित विभाग के पूर्व प्रभारी प्रो. स्वदेश सिंह, प्रो. पूनम सिंह और डॉ. हनुमान वर्मा शामिल हैं। तीनों पर विद्यार्थियों के असाइनमेंट जमा कराने और आंतरिक मूल्यांकन से जुड़े कार्यों में अनियमितता के आरोप हैं।

प्रबंध समिति के सचिव की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, गणित विभाग के डॉ. आरिफ नवीन ने 15 जून को प्राचार्य को पत्र लिखकर बीएससी चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के असाइनमेंट जमा नहीं होने की शिकायत की थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई।

समिति के अध्यक्ष प्रो. सुभाष मेहरा ने जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रबंध समिति सचिव को सौंप दी। रिपोर्ट पर विचार करने के बाद प्रबंध समिति ने बैठक में तीनों शिक्षकों को निलंबित करने का निर्णय लिया।

असाइनमेंट के मूल्यांकन और अंक अपलोड करने पर विवाद

शिकायत में आरोप लगाया गया कि असाइनमेंट का मूल्यांकन किए बिना ही विद्यार्थियों के अंक पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे थे। हालांकि, प्रो. स्वदेश सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि विद्यार्थियों के असाइनमेंट जमा किए जाते हैं और उन्हें पढ़ने के बाद कोडिंग के आधार पर अलग सूची में अंक दर्ज किए जाते हैं।

उनके अनुसार, बीएससी तृतीय सेमेस्टर के लगभग 1408 से 1500 असाइनमेंट जमा होते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यार्थियों के अंक गलत दर्ज होने की शिकायत मिली थी, जबकि अंक अपलोड करने की प्रक्रिया अन्य विभागों की तरह ही अपनाई जाती है।

गणित और भौतिकी विभाग को मिले नए प्रभारी

निलंबन की कार्रवाई के साथ कॉलेज प्रशासन ने विभागीय जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। प्रो. पीएस चौधरी को गणित विभाग का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि प्रो. पीपी सिंह को भौतिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों ने अपने-अपने विभागों में कार्यभार संभाल लिया है।

चमोली में भालू का खौफनाक तांडव: घर में घुसकर मां-बेटे समेत चार लोगों पर किया जानलेवा हमला

प्रबंध समिति से दस बिंदुओं पर मांगा जवाब

इस मामले के बीच क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. आरके गोस्वामी ने प्राचार्य और प्रबंध समिति सचिव को पत्र भेजकर दस बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। इसमें प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के कॉलेज में लगातार बैठने, अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज में कथित हस्तक्षेप तथा परिसर की व्यवस्था को लेकर सवाल किए गए हैं।

पत्र में शैक्षणिक व्यवस्था और पठन-पाठन की स्थिति पर भी जवाब मांगा गया है। अब इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से दिए जाने वाले स्पष्टीकरण पर नजर रहेगी।

Location :  Bareilly

Published :  13 October 2026, 11:43 AM IST

Related News

Advertisement