हिंदी
शराब के नशे में पति बना हैवान
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में शुक्रवार को पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के उरैना गांव में पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी शिवानी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी गर्दन पर चाकू से वार किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक उरैना गांव में पति विजय ने कथित तौर पर अपनी पत्नी शिवानी पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान शिवानी की गर्दन पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) वजीरगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पति ने पत्नी की गर्दन पर चला दिया चाकू
परिजनों की ओर से पति विजय पर शराब का आदी होने और दहेज तथा घरेलू विवाद को लेकर पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
बताया गया है कि शिवानी की शादी को अभी महज एक साल हुआ है। उसका मायका संभल जिले के चंदौसी में है। शादी के कुछ ही समय बाद इस तरह की घटना सामने आने से परिवार में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
बदायूं में दर्दनाक सड़क हादसा; ट्रक की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, मां घायल
फिलहाल शिवानी की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और आधिकारिक बयान का इंतजार है। मामले में पति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 14 November 2026, 1:22 AM IST