बदायूं में बवाल: रजा मार्केट में शराब के नशे में भिड़ा निलंबित सिपाही, लोगों ने पीटा और लगाए गंभीर आरोप

बदायूं शहर के रजा मार्केट में एक निलंबित सिपाही ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया और राहगीरों के साथ विवाद किया। विरोध करने पर भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वीडियो डिलीट कराए और मामले को दबाने की कोशिश की।

Updated : 8 October 2026, 9:22 AM IST
google-preferred

Budaun: शहर के रजा मार्केट इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक निलंबित सिपाही ने कथित तौर पर नशे में धुत होकर जमकर हंगामा किया। राहगीरों के साथ विवाद और बदसलूकी के बाद गुस्साई भीड़ का पारा चढ़ गया और उन्होंने सिपाही की पिटाई कर दी। इस घटना में सिपाही के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले को दबाने और वीडियो डिलीट कराने के आरोपों के घेरे में है।

बीयर की दुकान पर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रजा मार्केट स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान के पास निलंबित सिपाही हरीश कुमार पहुंचा था। वह पास की बंद दुकानों के गेट पर बैठकर शराब पी रहे कुछ लोगों का अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। जब वहां मौजूद लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो वह उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसने लोगों से मुफ्त में दो बीयर मांगने की बात भी सामने आ रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

यूपी में बदला मौसम का मिजाज, सुबह-शाम बढ़ी ठंडक, आज 42 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली का अलर्ट

नाश्ते की दुकान पर बढ़ा तनाव और मारपीट

मामला तब और बढ़ गया जब कुछ लोग वहां नाश्ता खरीदने पहुंचे और सिपाही से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सिपाही ने कथित तौर पर ईंट-पत्थर उठाने की कोशिश की, जिससे वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने उसे घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस झड़प में सिपाही हरीश कुमार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिस पर लगा वीडियो डिलीट कराने और पर्दाफाश छिपाने का आरोप

हंगामे की सूचना मिलने पर यूपी 112 की पीआरवी और सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि पुलिस ने घटना को सार्वजनिक होने से बचाने के लिए आसपास के लोगों के मोबाइल फोन से पूरी घटना के वीडियो डिलीट करवा दिए। इसके बाद पुलिस घायल सिपाही को अपने साथ ले गई। चर्चा यह भी है कि इस पूरे मामले की जानकारी शुरुआती दौर में वरिष्ठ अधिकारियों से छिपाई गई।

गोरखपुर में रोंगटे खड़े करने वाला हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 400 मीटर तक महिला डॉक्टर को घसीटा

उच्च अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश

बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही हरीश कुमार पहले सीओ सिटी की पेशी में तैनात था और वर्तमान में निलंबित चल रहा है। इस संबंध में सदर कोतवाल माधव सिंह बिष्ट ने घटना की जानकारी होने से साफ इनकार किया है।

वहीं, एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया है कि कोतवाली पुलिस ने उन्हें इस प्रकरण की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। उन्होंने कहा कि निलंबित सिपाही के साथ-साथ इस मामले में कोतवाली पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  8 October 2026, 9:22 AM IST

Advertisement