Gorakhpur: चार्जर का ऑर्डर कैंसिल कराना पड़ा भारी, एक कॉल में खाते से उड़ गए 87 हजार रुपये

चार्जर का ऑर्डर रद्द कराने के लिए किया गया एक छोटा-सा प्रयास गोरखपुर के एक व्यक्ति को हजारों रुपये का चूना लगा गया। साइबर ठग ने ऐसा जाल बिछाया कि बैंक खाते से 87,057 रुपये उड़ गए लेकिन पुलिस ने युवक को ठगी की पूरी रकम वापस करा दी।

Gorakhpur: चार्जर का ऑर्डर रद्द कराने के नाम पर साइबर ठग ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 87,057 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर खोराबार थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने तत्परता दिखाते हुए ठगी की रकम को तत्काल होल्ड कराया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने पूरी 87,057 रुपये की रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।

ऐसे हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने एक एप के माध्यम से चार्जर का ऑर्डर किया था। इसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने वाट्सऐप कॉल कर उसे बताया कि उसका गलत ऑर्डर पैक हो गया है और उसे रद्द कराने के लिए ओटीपी बताना होगा। साइबर ठग की बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने ओटीपी साझा कर दिया। ओटीपी मिलते ही ठग ने उसके बैंक खाते से 87,057 रुपये निकाल लिए।

ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33101260006568 के आधार पर खोराबार थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने संबंधित बैंक खाते में ठगी की रकम को होल्ड कराया, जिससे रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोक दिया गया।

इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से न्यायालय के आदेश के अनुपालन में संबंधित बैंक से आवश्यक पत्राचार किया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने ठगी की पूरी रकम 87,057 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने खोराबार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया।

CEC के खिलाफ गोरखपुर में सपा का हल्लाबोल, अंबेडकर चौक पर फूंका चुनाव आयुक्त का पुतला; पुलिस ने हिरासत में लिया

पुलिस ने की ये अपील

पुलिस ने लोगों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बैंक खाते, कार्ड, यूपीआई या किसी भी वित्तीय लेनदेन से संबंधित ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं।

गोरखपुर में रोंगटे खड़े करने वाला हादसा, अनियंत्रित ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 400 मीटर तक महिला डॉक्टर को घसीटा

साइबर हेल्पलाइन पर कराएं शिकायत दर्ज

ऑर्डर कैंसिल कराने, रिफंड दिलाने या किसी अन्य प्रक्रिया के नाम पर ओटीपी मांगा जाए तो तत्काल सतर्क हो जाएं। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Location :  Gorakhpur

Published :  8 October 2026, 2:14 AM IST

Advertisement