Bareilly News: सड़क हादसे में घायल BLO की इलाज के दौरान मौत, बेटे ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल BLO मोर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे ने प्रशासन पर छुट्टी न देने और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 December 2025, 6:52 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। गांव डगरौली निवासी 51 वर्षीय मोर सिंह की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार मोर सिंह छह दिसंबर को अपनी सरकारी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोर सिंह सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

रायबरेली: SIR अभियान को लेकर सपा की समीक्षा बैठक, जिला अध्यक्ष ने लगाया ये बड़ा आरोप

अस्पतालों के चक्कर और इलाज में देरी का आरोप

परिवार का आरोप है कि मोर सिंह की हालत बेहद नाजुक थी, इसके बावजूद उन्हें समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका। पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मोर सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी ज्ञानेश्वरी देवी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस असमय मौत से स्तब्ध है। परिवार पहले से ही गहरे सदमे में था, क्योंकि कुछ ही दिन पहले, 22 नवंबर को मोर सिंह की पत्नी कमला देवी का निधन हो चुका था। पति-पत्नी की लगातार हुई मौतों ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।

बेटे ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के बेटे विवेक यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विवेक का कहना है कि मां के निधन के बाद पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट चुका था। उन्होंने अधिकारियों से पिता के लिए अवकाश की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ड्यूटी पर भेज दिया गया। विवेक ने आरोप लगाया कि यदि उनके पिता को छुट्टी दी गई होती, तो वह हादसे के दिन घर से बाहर नहीं जाते और यह दुर्घटना नहीं होती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रायबरेली में युवक की मौत पर बवाल: अवध हॉस्पिटल सील, सैकड़ों ग्रामीणों का जेल रोड पर हंगामा

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

फरीदपुर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा।

Location : 
  • Bareilly

Published : 
  • 19 December 2025, 6:52 PM IST