फिल्मी स्टाइल में घर में घुसे चोर, विदाई से पहले बेटी के घर में मचा कोहराम

बस्ती के कप्तानगंज क्षेत्र के दुधौरा गांव में चोरों ने फिल्मी अंदाज में छत के रास्ते दो घरों को निशाना बनाया। शादी की विदाई से पहले गहने और नकदी चोरी कर ली गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

Updated : 15 May 2026, 9:32 AM IST
google-preferred

Basti: जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुधौरा गांव में गुरुवार देर रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक पहली घटना गांव निवासी शिव राम सगर के घर हुई। परिवार में हाल ही में बेटी की शादी संपन्न हुई थी और शुक्रवार को उसकी विदाई होनी थी। घर में शादी के सामान, जेवरात और नगदी सुरक्षित रखी गई थी। रात में परिवार के लोग सो रहे थे, तभी अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली।

बक्से खुले देखकर परिवार के उड़े होश

सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी और बक्से खुले देखकर परिवार के होश उड़ गए। कुछ ही देर में चोरी की जानकारी पूरे गांव में फैल गई। बेटी की विदाई से पहले हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

Basti: घर में झगड़ा, बाहर मौत… पति-पत्नी की दो घंटे में खत्म हो गई जिंदगी

दूसरे घर को भी बनाया निशाना

चोरों ने उसी गांव में दूसरी वारदात जगदेव मौर्य के घर में की। यहां भी चोर छत के रास्ते घर में घुसे और गहने व नगदी लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। लगातार दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना की जांच में जुट गई है।

Basti News: भाई और परिवार वालों ने की मारपीट, दीवार गिराई, पीड़ित ने एसपी से मांगा न्याय

ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से चोर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए, उससे लगता है कि उन्होंने पहले से रेकी की थी। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं दोनों परिवार चोरी की घटना के बाद सदमे में हैं।

Location :  Basti

Published :  15 May 2026, 9:32 AM IST

Advertisement