हिंदी
आग में जलकर सामान राख (Img: Dynamite News)
Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सिद्धौर ब्लॉक क्षेत्र में रविवार का दिन कई परिवारों के लिए तबाही लेकर आया। दो अलग-अलग गांवों में लगी भीषण आग ने करीब एक दर्जन परिवारों को बेघर कर दिया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, वहीं मवेशियों के झुलसने से ग्रामीणों को और भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा।
पहली घटना कोठी थाना क्षेत्र के डीहा रहीमपुर गांव में दोपहर करीब 12 बजे हुई। बताया जा रहा है कि रामू के घर से अचानक उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई और आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए।
उस समय गांव के ज्यादातर लोग खेतों में गेहूं की कटाई में व्यस्त थे, जिससे आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। आग ने रामू, लवकेश, अमरकेश, रामकेश, सुमिरन, महेश, रामखेलावन, सोनू और गुल्लू के छप्परनुमा मकानों को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया।
महराजगंज में खौफनाक वारदात! युवक की पीट-पीटकर हत्या, 4 आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घरों में रखा अनाज, पंपिंग सेट, कपड़े, जेवरात और रोजमर्रा का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। इसको लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी गई।
वहीं दूसरी घटना धनौरा ग्राम पंचायत के गंगवाई पठनान गांव में सामने आई। यहां किसान सुखदेव पुत्र हरिप्रसाद के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर कुछ ही समय में उसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में सुखदेव के घर में रखा अनाज, रजाई-गद्दे और करीब 15 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। परिवार के पास अब न तो रहने के लिए सुरक्षित जगह बची है और न ही खाने-पीने का सामान।
फर्जी बैनामे का काला खेल बेनकाब! जमीन माफिया पर पुलिस का बड़ा शिकंजा
दोनों ही घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों के सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। कई लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल, इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है और लोग आग से सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।
Location : Barabanki
Published : 19 April 2026, 2:35 PM IST