हिंदी
5 शातिर गिरफ्तार
Gorakhpur: गोरखपुर में एक सुनसान घर चोरों के लिए आसान निशाना बन गया, लेकिन उनका ये खेल ज्यादा दिन तक नहीं चल पाया। ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे बदमाशों ने लॉकर तक साफ कर दिया, लेकिन पुलिस की नजर से बच नहीं सके। गोरखनाथ थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए पूरे गिरोह को दबोच लिया, जिससे इलाके में राहत की सांस ली जा रही है।
यह पूरा मामला 10 मार्च 2026 का है, जब पीड़ित अपने परिवार के साथ देवरिया गया हुआ था। घर पूरी तरह खाली था और इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। 11 मार्च को जब पीड़ित वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी तोड़ा जा चुका था और उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब थे। घटना के बाद तुरंत गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस तेजी ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
अब नहीं चलेगी मनमानी! गोरखपुर में सड़क पर नियम तोड़ते ही तुरंत एक्शन, सात बाइक सीज
पुलिस ने मुस्तकीम, सलमान अंसारी, मोहम्मद कैफ, नादिर बेग और विशाल कुमार अग्रहरि को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सभी ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। इनके कब्जे से चोरी के एक लाख रुपये नकद, 191 ग्राम चांदी, पांच मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और चोरी के पैसों से खरीदी गई एक दोपहिया वाहन बरामद की गई है।
गोरखपुर: राप्ती ने छीन लिए तीन चिराग: जिंदा लौटने की आस में बीती रात, सुबह मिली लाशें
गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। खास तौर पर सलमान अंसारी और नादिर बेग के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
Location : Gorakhpur
Published : 19 April 2026, 3:45 PM IST