हमीरपुर में एक ही रात दो हत्याओं से सनसनी, कहीं चखने पर विवाद तो कहीं बच्चों की लड़ाई में कत्ल

हमीरपुर में सोमवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या की वारदातों से सनसनी फैल गई। जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव में मुंडन संस्कार के बाद शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर विवाद हुआ, जिसमें संजय उर्फ संजू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, बिवार थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव में बच्चों के झगड़े के बाद 38 वर्षीय युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली गई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 20 October 2026, 11:57 AM IST
google-preferred

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में सोमवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हत्या की वारदातों से हड़कंप मच गया। जरिया थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बिवार थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच शुरू हुआ झगड़ा बड़ों तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी विवाद में 38 वर्षीय युवक पर बीच सड़क कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली गई। एक ही रात में हुई इन दो वारदातों के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

शराब पार्टी में चखने को लेकर विवाद

पहली वारदात जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव की है। यहां सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गोली लगने से संजय उर्फ संजू की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गांव के प्राचीन मंख्यौ दाऊ देवी मंदिर में मुंडन संस्कार का कार्यक्रम हुआ था। इसके बाद कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे।

हमीरपुर में 24 घंटे में दूसरी फायरिंग, शराब पी रहे युवक पर झोंका फायर; बाल-बाल बची जान

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद जरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि वारदात की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ, गोली किसने चलाई और हत्या के पीछे की पूरी वजह क्या थी।

बीच सड़क युवक पर कुल्हाड़ी से हमला

दूसरी वारदात बिवार थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव स्थित कमलेश का पुरवा की है। यहां सोमवार रात बच्चों के बीच हुआ झगड़ा दो परिवारों के विवाद में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद 38 वर्षीय युवक पर बीच सड़क कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए। इसी दौरान युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की घटना हुई।

AI से बनाई गई मेरी आवाज और मांगे 5 लाख रुपये! हमीरपुर में सपा नेता के वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप

एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

बिवार थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं।

Location :  Hamirpur

Published :  20 October 2026, 11:57 AM IST

Advertisement