हिंदी
पुलिस टीम पर हमले के आरोपी गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ballia: जनपद के थाना चितबड़ागांव क्षेत्र के नगपुरा गांव में पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को नगपुरा गांव में छेड़खानी की घटना को लेकर ग्रामीणों ने पीआरवी 9097 को रोक लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में चौकी इंचार्ज संदीप कुमार और कांस्टेबल हिमांशु सोनकर घायल हो गए। वहीं उपद्रवियों ने सरकारी वाहन टाटा सूमो का शीशा तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस मामले में थाना चितबड़ागांव में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। गुरुवार को उपनिरीक्षक अतुल कुमार एवं उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर नगपुरा पश्चिम टोला से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेन्द्र प्रसाद, रामाश्रय, बसन्ती देवी, पार्वती कुमारी, तारा देवी और नीतू कुमारी शामिल हैं। सभी आरोपी नगपुरा पश्चिम टोला थाना चितबड़ागांव जनपद बलिया के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
Location : Ballia
Published : 14 May 2026, 9:34 PM IST