हिंदी
MLC चुनाव को लेकर एक्शन मोड में प्रशासन
Ballia: उत्तर प्रदेश विधान परिषद निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने और मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने दो पालियों में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनावी ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों को समझाते हुए मतपत्रों के रंग, मतपेटिका के इस्तेमाल और उसकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए सफेद रंग का, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र निर्धारित किया गया है।
मतदान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही मतदान कराएं और किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी न करें।
जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मतदाता के पहचान पत्र की अनिवार्य रूप से जांच करने को कहा। इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस समेत निर्वाचन के लिए निर्धारित पहचान दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पहचान सत्यापन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि मतदान प्रक्रिया में अनियमितता की आशंका को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान केंद्रों पर सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतपेटिका की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उसमें पानी, स्याही या कोई अन्य अनधिकृत सामग्री न डाली जा सके। मतदान केंद्रों पर नियुक्त एजेंटों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों को अपनी डायरी में मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन से संबंधित सभी जरूरी विवरण सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान के दौरान कोई समस्या आने पर तत्काल अपर जिलाधिकारी को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, डीडीओ आनंद प्रकाश समेत सभी पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Ballia
Published : 21 October 2026, 8:52 PM IST