हिंदी
बलिया में वोटरों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी
Ballia: जिले में बीते पांच वर्षों के दौरान मतदाताओं की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। वर्ष 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समय जिले में जहां 25,36,827 मतदाता पंजीकृत थे, वहीं मतदाता सूची के हालिया पुनरीक्षण के बाद यह संख्या बढ़कर 27,03,574 हो गई है।
इस तरह वर्ष 2021 के मुकाबले जिले में अब तक 1,66,747 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। वहीं हालिया पुनरीक्षण में ही 58,205 मतदाताओं की शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के आंकड़ों के मुताबिक जिले में पहले 26,45,369 मतदाता थे।
पुनरीक्षण के दौरान 96,164 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 37,959 नाम सूची से हटाए गए। इसके अलावा 2,998 संशोधन किए गए। इस प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की कुल संख्या 27 लाख के पार पहुंच गई। जिले में मतदाताओं की वृद्धि दर 2.20 प्रतिशत रही।
विकासखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो नगरा में सबसे अधिक 7,405 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है। वहीं प्रतिशत के लिहाज से मुरलीछपरा 5.36 प्रतिशत की वृद्धि के साथ पहले स्थान पर रहा। यहां 7,246 मतदाता बढ़े हैं। रेवती में 6,519 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई, जो 5.04 प्रतिशत है।इसके अलावा दुबहड़ में 4,959, गड़वार में 4,789, सोहांव में 3,758, हनुमानगंज में 3,568 और बांसडीह में 3,284 मतदाता बढ़े हैं।
वहीं नवानगर में 2,925, रसड़ा में 2,744, पन्दह में 2,221, बैरिया में 2,217, चिलकहर में 1,912, बेरूआरबारी में 1,711, बेलहरी में 1,204 और मनियर में 1,006 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि हुई है। प्रतिशत के लिहाज से सीयर में सबसे कम 0.33 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में जिले की 17 विकासखंडों की 940 ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन कराया गया था। उस समय चुनाव के लिए कुल 1,460 मतदान केंद्र और 3,919 मतदान स्थल बनाए गए थे। जिले में जिला पंचायत के 58 वार्डों के लिए भी निर्वाचन हुआ था। उस चुनाव में कुल 25,36,827 मतदाता पंजीकृत थे।
वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव और वर्तमान मतदाता सूची के आंकड़ों की तुलना करें तो जिले में पांच वर्षों के दौरान मतदाताओं की संख्या में करीब 6.57 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि आगामी पंचायत चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिले की सभी 940 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद अब चुनावी आंकड़ा 27 लाख के पार पहुंच चुका है।
Location : Ballia
Published : 19 November 2026, 2:37 PM IST