आरोपी को बचाने के लिए पुलिस पर बरसे पत्थर, बलिया में बवाल

बलिया के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला में युवक की पिटाई के मामले में आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना में पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जबकि सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 May 2026, 8:07 PM IST
google-preferred

Ballia : जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र का नगपुरा पश्चिम टोला मंगलवार को उस समय अचानक तनाव का केंद्र बन गया। जब मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर ही ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को खुद को बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। सरकारी वाहन का पिछला शीशा टूट गया।

पीआरबी को मिली थी मारपीट की सूचना

जानकारी के मुताबिक चौकी इंचार्ज नगपुरा संदीप कुमार यादव को पीआरबी 9097 के जरिए सूचना मिली थी कि नगपुरा पश्चिम टोला निवासी धर्मेन्द्र कुमार के साथ गांव के ही मिंटू नाम के युवक ने मारपीट की है। सूचना मिलते ही पीआरबी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक की जानकारी लेने के बाद आरोपी मिंटू को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और उसे पुलिस वाहन में बैठा दिया।

आरोपी को छोड़ने की मांग पर बढ़ा तनाव

बताया जा रहा है कि आरोपी को पुलिस अपने साथ ले जाने लगी तो मौके पर मौजूद कुछ महिलाएं, पुरुष और युवक उग्र हो गए। लोग आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ लगातार आक्रामक होती चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रसड़ा, थानाध्यक्ष फेफना समेत अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुला लिया गया।

आखिर कौन है बलिया का राज सिंह ? जो CM शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में हुआ गिरफ्तार

पुलिस टीम पर शुरू हुआ पथराव

इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस वाहन का पिछला शीशा टूट गया, जबकि एक-दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं। हालांकि पुलिस ने हालात को बिगड़ने नहीं दिया और अतिरिक्त फोर्स की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

इलाके में पुलिस बल तैनात

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ballia

Published :  12 May 2026, 8:07 PM IST

Advertisement