Auraiya News: अजीतमल में चेकिंग के नाम पर बवाल, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

औरैया के अजीतमल क्षेत्र में पुलिस पर युवक से मारपीट और जबरन उठाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 25 April 2026, 10:39 AM IST
google-preferred

Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र से पुलिस की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। अटसू इलाके में हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है। आरोप है कि पुलिस ने चेकिंग के नाम पर एक युवक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे जबरन अपने साथ ले गई।

युवक को घसीटते हुए ले जाने का आरोप

परिवारजनों के अनुसार युवक अपने परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान गेस्ट हाउस के बाहर पुलिस चेकिंग कर रही थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को बाल पकड़कर घसीटा और जबरन गाड़ी में डालकर थाने ले गए।

विरोध के बावजूद नहीं मानी पुलिस

घटना के समय मौके पर मौजूद परिजनों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और लोग आक्रोशित हो उठे।

मारपीट और फर्जी मुकदमे का आरोप

परिवार का कहना है कि थाने ले जाने के बाद युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। साथ ही उसे किसी फर्जी मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों अनूप चहार, सिपाही वीरेंद्र, दीवान धर्मेंद्र और बीपीआर सिंह राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

औरैया में टैक्स चोरी का बड़ा खुलासा! फर्जी फर्म बनाकर चला रहे थे करोड़ो का खेल… पढे़ं पूरी खबर

वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को जबरन ले जाते हुए देखा जा सकता है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करनी चाहिए। इस तरह की घटनाएं पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।

औरैया में नए डीएम बृजेश कुमार का कामकाज को और अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर

निष्पक्ष जांच की मांग

मामले को लेकर अब निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। लोगों और परिजनों का कहना है कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जांच की बात कही जा रही है।

Location :  Auraiya

Published :  25 April 2026, 10:39 AM IST

Advertisement