हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स-Pinterest)
Etawah: रिश्तों की पवित्र डोर कब शक और धोखे की भेंट चढ़ जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 19 दिन बाद ही एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया। बाजार में पत्नी को किसी अन्य युवक के साथ देख लेने के बाद उपजे विवाद में नवविवाहित पति ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं, पति की मौत से आहत पत्नी ने भी नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह पूरा मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, जुगरामऊ निवासी 25 वर्षीय अंकित कुशवाहा की शादी सात जुलाई को खुशबू के साथ हुई थी। दोनों की जिंदगी की नई शुरुआत ही हुई थी कि शादी के ठीक 19 दिन बाद रविवार दोपहर को एक ऐसी घटना घटी जिसने सब कुछ बदल दिया।
बताया जा रहा है कि रविवार को अंकित ने अपनी पत्नी खुशबू को बाजार में एक अन्य युवक के साथ देख लिया। इस दौरान सड़क पर जमकर हंगामा और हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ। परिवार के मुताबिक, अंकित ने अपनी पत्नी पर उसी युवक के साथ भागने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद से घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
यह भी पढ़ें-चंदौली में सरकारी काम के दौरान SDO से हाथापाई; जांच में जुटी पुलिस, कर्मचारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शनिवार-रविवार के उस विवाद का असर अगले ही दिन यानी सोमवार की सुबह देखने को मिला। तनाव और मानसिक दबाव से घिरे अंकित ने सोमवार सुबह घर के अंदर खुद को फंदे से लटका लिया और आत्महत्या कर ली।
जब परिवार के लोगों को इस घटना की भनक लगी, तो घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पति अंकित की मौत की खबर जैसे ही पत्नी खुशबू को मिली, उसने भी कथित तौर पर अत्यधिक मात्रा में नींद की गोलियां खा लीं और आत्महत्या का प्रयास किया।
तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उपचार के दौरान खुशबू ने काफी हंगामा भी किया।
इस पूरे घटनाक्रम पर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों तथा अन्य चश्मदीदों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etawah
Published : 27 July 2026, 1:23 PM IST
Topics : crime news etawah news Love Drama suicide case UP Police