Weather Forecast: जानिए होली में कैसे रहेगा देश का मौसम, किन हिस्सों में होगी आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश

होली का मौसम नजदीक है और मौसम में भी थोड़ी गर्माहट शुरु हो गई है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 8 March 2025, 8:53 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: पहाड़ों पर जमी बर्फ पिघलने लगी है, जिसके कारण मैदानी राज्यों में पिछले 5 दिन सर्द हवाएं चल रही थीं और ठंड महसूस हो रही थी, लेकिन अब हवाएं थमने लगी हैं। इसके साथ ही तापमान बढ़ने लगेगा। आज शनिवार से देशभर में मौसम करवट बदल सकता है। इस बार भयंकर गर्मी पड़ने और सामान्य से ज्यादा दिन लू चलने की भविष्यवाणी है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार ऐसे में मौसम विभाग ने दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में आज से तापमान बढ़ने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले 4 दिन में दिल्ली-NCR,यूपी, राजस्थान, मुंबई, कोंकण-गोवा, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गर्मी-उमस बढ़ जाएगी। इस बीच 9 मार्च को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 9 से 12 मार्च तक बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश में भी बादल बरस सकते हैं। दिल्ली-NCR में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक जाने के आसार हैं। आइए जानतें हैं कि देशभर में मौसम के हाल कैसे हैं?

जानकारी के अनुसार, फिलहाल दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे है। लेकिन शनिवार से इसमें बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। सोमवार तक इसके क्रमश: 34 और 17 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

14 मार्च तक अधिकतम 35 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। मौसम विभाग ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि इस साल मार्च से मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी।

पहाड़ों पर बर्फ पिघलने और 4 मार्च से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही हैं। सुबह और रात के समय बर्फीली हवाएं चलने से लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। 9 मार्च के बाद उत्तर प्रदेश में भी बारिश होने का अलर्ट है।

मौसम विभाग के अनुसार, 9 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 9 से 12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। 10 से 12 मार्च के बीच उत्तराखंड में हल्की बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर असम पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से अरुणाचल प्रदेश, असम नागालैंड में गरज चमक के साथ बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। 8 मार्च को बिहार में गरज, चमक और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। सिक्किम में भी गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Published : 
  • 8 March 2025, 8:53 AM IST