हिंदी
उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं कश्मीर से लेकर हिमाचल तक पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। जोजिला जैसे इलाकों में अत्यधिक ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान ने मैदानी इलाके में भी कड़ाके की सर्दी पड़ने का अनुमान लगाया है।
उत्तर भारत में सर्दी का सितम
New Delhi: उत्तर भारत के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी राज्य जैसे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने असम, मणिपुर, ओडिशा और पूर्वी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बीच मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन शीतलहर का अलर्ट है। वहीं राजस्थान में 10 दिसंबर तक कोल्ड वेव का असर रहेगा। भारत के लगभग 10 राज्यों में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है। कई इलाकों में सुबह-शाम घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड में और इजाफा होगा।
उत्तर प्रदेश में बाराबंकी, गोंडा समेत 20 जिलों में सुबह से ही घना कोहरा छा रहा है। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य रही। सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी शीतलहर का असर तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँचने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़, विदर्भ और ओडिशा में काफ़ी ठंड दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा।
आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ेगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का एक और दौर शुरू हो सकता है। 9 से 12 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत के विस्तृत क्षेत्रों में शीतलहर और देश के कई हिस्सों विशेषकर असम, मणिपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने 10 से 12 दिसंबर के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय कई जगहों पर घना कोहरा भी छा सकता है।