Fatehpur News: यमुना नदी में नहाने गया लड़का, अचानक हो गया बड़ा हादसा; जानें पूरा मामला

फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र में यमुना नदी में बच्चा नहाने गया। उसके बाद उसके साथ बड़ा हादसा गो गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 1 April 2025, 3:50 PM IST
google-preferred

फतेहपुर: जिले के धाता थाना क्षेत्र के दामपुर घाट पर सोमवार देर शाम एक दुखद हादसा हो गया। धाता इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र 17 वर्षीय अंश (पुत्र मनोज) यमुना नदी में नहाते समय डूब गया। वह अपने दोस्तों के साथ घाट पर गया था, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण डूब गया।

कैसे हुआ हादसा?

सोमवार शाम अंश अपने कुछ दोस्तों के साथ दामपुर घाट गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों ने भी उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

गोताखोरों की मदद से अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही धाता थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की टीम बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। मौके पर नायब तहसीलदार और धाता थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय भी मौजूद रहे। अंधेरा होने के बावजूद तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला।

गांव में शोक की लहर

अंश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसके चलते इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। उसके पिता अपना दल (एस) पार्टी में बूथ अध्यक्ष हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर माता-पिता गमगीन हैं। ग्रामीण और प्रशासन लगातार तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। यह हादसा क्षेत्र में गहरे पानी वाले इलाकों में सुरक्षा उपायों की कमी को भी उजागर करता है। स्थानीय प्रशासन से मांग है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Published : 
  • 1 April 2025, 3:50 PM IST