हिंदी
अभिषेक शर्मा और शाहीन शाह अफरीदी (Img: Internet)
Dubai: भारत के युवा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 के सुपर फोर मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से सभी को चौंका दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में अभिषेक ने 39 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर सुपर-4 चरण में जीत के साथ आगाज़ किया। उनकी इस पारी में 6 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाज़ा गया।
इस मुकाबले में अभिषेक ने पाकिस्तान के स्टार गेंदबाज शाहीन अफरीदी पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने शाहीन अफरीदी की पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। यह गेंद लेग स्टंप की ओर शॉर्ट पिच थी, जिसे अभिषेक ने तेजी से पढ़ते हुए फाइन लेग की दिशा में दर्शकों के बीच भेज दिया। यह सिर्फ एक छक्का नहीं था, बल्कि एक लंबे रिकॉर्ड का अंत था। शाहीन अफरीदी ने अब तक 70 बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहला ओवर डाला था, लेकिन कभी भी उनकी पहली गेंद पर छक्का नहीं लगा था। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को एक ही शॉट में तोड़ डाला।
अभिषेक शर्मा अब एक अनोखी उपलब्धि के मालिक बन चुके हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पारी की पहली गेंद पर दो बार छक्का लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने एशिया कप 2025 के ग्रुप चरण में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ भी यही कारनामा किया था, जब उन्होंने हैदर अली की पहली गेंद को छक्के के लिए भेजा था।
अभिषेक शर्मा (Img: X)
अभिषेक की आक्रामक शुरुआत से भारतीय टीम ने पहले 10 ओवर में ही 100 से ज़्यादा रन बना लिए। उनके साथ शुभमन गिल ने भी शानदार 47 रन बनाए और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने पाकिस्तान के गेंदबाज़ों की कमर तोड़ दी और भारत ने 172 रन के लक्ष्य को 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया। अभिषेक शर्मा की यह पारी न सिर्फ तकनीकी रूप से बेहतरीन थी, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्होंने विपक्ष पर दबाव बनाया और भारत को जीत की राह पर अग्रसर किया।
Location : Dubai
Published : 22 September 2025, 4:53 PM IST