हिंदी
तीरंदाज चिकिता तनिपार्थी (Img: X)
New Delhi: जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स के 12वें दिन भारत के लिए मुकाबलों का रोमांच जारी रहा। एक दिन पहले देश को दो गोल्ड मेडल दिलाने वाली तीरंदाज चिकिता तनिपार्थी को विमेंस कंपाउंड इंडिविजुअल्स के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। वहीं पुरुष वॉलीबॉल में भारत को पाकिस्तान के हाथों 0-3 से शिकस्त मिली। हालांकि, सेपकटकरा में भारतीय टीम ने वियतनाम को हराकर जीत दर्ज की।
चिकिता तनिपार्थी ने इससे पहले भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। उनसे व्यक्तिगत मुकाबले में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन क्वार्टर फाइनल में मुकाबला उनके पक्ष में नहीं गया। इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरिफाह ने उन्हें महज एक अंक के अंतर से हराया। मुकाबले का स्कोर 144-143 रहा। करीबी मुकाबले में हार के साथ चिकिता का विमेंस कंपाउंड इंडिविजुअल्स इवेंट में सफर यहीं खत्म हो गया।
ये भी पढ़ें- IND vs WI 2nd ODI: वन-डे में भारत की ऐतिहासिक जीत, वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया
पुरुष वॉलीबॉल के क्वार्टर फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ। भारतीय टीम को इस मैच में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। मैच के दौरान भारत के पास वापसी के मौके भी आए, लेकिन टीम उन्हें भुना नहीं सकी।
दूसरे सेट में भारत एक समय 19-16 से आगे था। ऐसा लग रहा था कि टीम मुकाबले में वापसी कर सकती है, लेकिन अहम पलों में हुई गलतियों का फायदा पाकिस्तान ने उठाया और सेट 25-23 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद भारत पर दबाव बढ़ता गया और अंततः पाकिस्तान ने मुकाबला 3-0 से जीत लिया।
वहीं सेपकटकरा में भारतीय टीम के लिए दिन कुछ राहत लेकर आया। भारत ने वियतनाम को 2-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत ने भारतीय खेमे को एक और सकारात्मक नतीजा दिया।
रेसलिंग में भारत के अमन ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 77 किग्रा वर्ग में शानदार वापसी करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल जीत लिया। उनका मुकाबला मंगोलिया के बोर्गिल तुवशिनबातार से था। मुकाबले में अमन एक समय 2-6 से पीछे चल रहे थे। इसके बाद उन्होंने लगातार रोल कर अंक जुटाए और स्कोर 8-6 कर दिया। इस तरह उन्होंने दो अंकों से मुकाबला अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: नीरू-कायनन की जोड़ी ने रचा इतिहास, तोड़ा कतर का रिकॉर्ड और जीता भारत का 9वां गोल्ड
अब क्वार्टर फाइनल में अमन का सामना कतर के एशियन चैंपियन शाहिन बदाघीमोफराद से होगा। इस मुकाबले में उनकी नजर एक और जीत के साथ पदक की दौड़ में आगे बढ़ने पर होगी।
शूटिंग के पुरुषों के 25 मीटर पिस्टल रैपिड फायर इवेंट में अनीश भानवाला भी भारतीय चुनौती पेश कर रहे हैं। वहीं मेडल टैली में भारत के खाते में अब तक 8 गोल्ड, 21 सिल्वर और 29 ब्रॉन्ज समेत कुल 60 मेडल हैं और भारत 8वें स्थान पर है।
Location : New Delhi
Published : 1 October 2026, 9:18 AM IST