Punjab Crime: गुरदासपुर में खूनी खेल, युवक ने चाची, चचेरे भाई और दोस्त को गोलियों से भूना; फिर खुद को भी मारी गोली

गुरदासपुर के बटाला में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मनजोत सिंह नामक युवक ने अपनी चाची, 13 वर्षीय भाई और अपने फौजी दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। तीहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या कर ली।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 June 2026, 10:31 AM IST
google-preferred

Gurdaspur: पंजाब के गुरदासपुर जिले के अंतर्गत आते बटाला के एक गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने खूनी खेल खेलते हुए अपनी ही चाची, चचेरे भाई और अपने एक करीबी दोस्त की अंधाधुंध गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी।

इस खौफनाक तीहरे हत्याकांड (Triple Murder) को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल पसरा हुआ है।

सोते हुए चाची और मासूम भाई को उतारा मौत के घाट

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बटाला के अंतर्गत आते गांव मुंडी कलार में मंगलवार की देर रात घटित हुई। आरोपी युवक मनजोत सिंह रात के समय अपने एक साथी परगट सिंह के साथ अपने चाचा निशान सिंह के घर दाखिल हुआ। परगट सिंह एक पूर्व फौजी था और खान प्यारा गांव का रहने वाला था।

घर में घुसते समय आरोपी मनजोत सिंह ने अपने दोस्त परगट सिंह की ही लाइसेंसी पिस्टल अपने हाथ में पकड़ रखी थी। उसने बिना कोई रहम दिखाए बिस्तर पर सो रही अपनी 40 वर्षीय चाची हरदीप कौर और उनके 13 वर्षीय मासूम बेटे हरमीत सिंह पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पंजाब की बेटी हरमनप्रीत कौर ने Women’s T-20 World Cup 2026 में रचा इतिहास

विरोध करने पर दोस्त को भी मारी गोली

अपनों का कत्ल करने के बाद जब मनजोत सिंह घर से बाहर निकला, तो वारदात वाली जगह से कुछ ही दूरी पर उसका अपने दोस्त पूर्व फौजी परगट सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। माना जा रहा है कि परगट ने इस हत्याकांड का विरोध किया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मनजोत सिंह ने आव देखा न ताव और अपनी चाची व भाई को मारने के बाद अपने उसी दोस्त परगट सिंह को भी गोली मार दी। गोली लगने से परगट की भी मौके पर ही मौत हो गई। तीन लोगों को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी मनजोत सिंह ने पिस्तौल अपनी कनपटी पर टिकाई और खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

माता-पिता की पहले ही हो चुकी थी मौत

इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। ग्रामीणों और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मनजोत सिंह के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अनाथ था और अपनी इसी चाची हरदीप कौर के घर पर ही रोजाना खाना खाता था। ऐसे में उसने अपनी ही चाची और भाई की जान क्यों ली, यह रहस्य बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।

पंजाब चुनाव 2027 की तैयारियां तेज: दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले प्रताप सिंह बाजवा और चरणजीत चन्नी

पुलिस तफ्तीश में जुटी, शव अस्पताल भेजे

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेखवां की पुलिस टीम तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बटाला के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रही है ताकि इस खूनी खेल की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके।

Location :  Gurdaspur

Published :  24 June 2026, 10:31 AM IST

Advertisement