हिंदी
नागपुर में गरजे अभिजीत दीपके (फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Nagpur: जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हुए थप्पड़ कांड के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि इस हमले से वह डरने वाले नहीं हैं और छात्रों के मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। नागपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जयपुर में उन पर हमला करने वाले लोगों का संबंध आरएसएस से था। दीपके नागपुर के संविधान चौक पर होने वाले एक बड़े प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे हैं। यह प्रदर्शन नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा है, जिसमें पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि वह गांधी और अंबेडकर के विचारों को मानने वाले सत्याग्रही हैं और किसी भी हमले से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार या किसी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है तो इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। दीपके ने दावा किया कि हमले में शामिल लोगों में कुछ लोग आरएसएस से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश हैं, लेकिन इससे उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा।
दीपके ने आरोप लगाया कि हमला करने का मकसद छात्रों से जुड़े असली मुद्दों से ध्यान हटाना था। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य मुद्दा नीट पेपर लीक और छात्रों के साथ हुआ अन्याय है। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मामला है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। दीपके ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी।
अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वाला आरोपी आया सामने, कहा- “मच्छर का इलाज”, पढ़ें पूरा बयान
यह पूरा मामला सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक का है। यहां नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। बताया गया कि जब अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधों पर उठाकर ले जा रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले में कार्रवाई शुरू की।
जयपुर पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर, अजय शर्मा, कुलदीप सिंह और निकेत के रूप में हुई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश थी या नहीं।
आखिर अभिजीत दीपके को किसने मारा थप्पड़ और क्यों? जयपुर प्रदर्शन में हुई घटना का पूरा सच
हमले के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी इस घटना को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले के पीछे भाजपा से जुड़े लोग थे। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
अभिजीत दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन अब और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने ऐलान किया कि 20 जून को दिल्ली कूच किया जाएगा। इससे पहले बेंगलुरु में भी इसी अभियान के तहत प्रदर्शन किया गया था, जिसमें अभिनेता प्रकाश राज और कई युवा संगठनों ने हिस्सा लिया था। नागपुर में होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्रशासन को उम्मीद है कि कार्यक्रम में दो हजार से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।
Location : Nagpur
Published : 16 June 2026, 12:59 PM IST