मतदाता हैं तो जरूर पढ़ें, 30 जून से शुरू होगी ऐसी प्रक्रिया जो हर मतदाता के लिए जानना बेहद जरूरी

अगर आपका नाम मतदाता सूची में है, तो 30 जून से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया की जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। आने वाले दिनों में घर-घर पहुंचने वाली टीम कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करेगी। जानिए आपको पहले से क्या तैयार रखना चाहिए।

Updated : 29 June 2026, 11:39 AM IST
google-preferred

Dhanbad: मतदाता सूची के राष्ट्रव्यापी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का तीसरा चरण 30 जून से शुरू होने जा रहा है। इस चरण में झारखंड सहित देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सत्यापन का अभियान चलाया जाएगा। धनबाद जिले में भी 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे भरकर बीएलओ को वापस करना होगा।

धनबाद में 76 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत धनबाद जिले में रविवार तक 76 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन और मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले में कुल 21 लाख 15 हजार 997 मतदाता हैं, जिनमें से लगभग 16 लाख मतदाताओं का सत्यापन एवं मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं करीब पांच लाख मतदाताओं का सत्यापन अभी बाकी है।

जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि एसआईआर अभियान के दौरान सभी शेष मतदाताओं का सत्यापन भी समय पर पूरा कर लिया जाए। इसके लिए बीएलओ लगातार घर-घर जाकर अभियान चलाएंगे।

SIR की लिस्ट जारी : उत्तर प्रदेश में 13 करोड़ 39 लाख से ज्यादा मतदाता

रिकॉर्ड में 3.73 लाख मतदाताओं की मिली विसंगतियां

मतदाता मैपिंग के दौरान जिले में 3 लाख 73 हजार 407 मतदाताओं के रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं। इनमें सिंदरी विधानसभा क्षेत्र में 75,884, निरसा में 69,806, धनबाद में 60,607, झरिया में 50,770, टुंडी में 63,873 तथा बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में 52,467 मतदाताओं के रिकॉर्ड में त्रुटियां पाई गई हैं।

इन विसंगतियों को दूर करने के लिए भी एसआईआर अभियान के दौरान आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

अधिकारियों और बीएलओ को दिया जा रहा प्रशिक्षण

जिला प्रशासन के अनुसार एसआईआर अभियान को त्रुटिरहित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल एजेंट तथा स्वयंसेवकों को शामिल किया गया है। सोमवार को अभियान से जुड़े सभी कर्मियों का अंतिम प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।

ऑनलाइन भी मिलेंगी जरूरी सेवाएं

मतदाता ceo.jharkhand.gov.in पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बीएलओ की जानकारी तथा अनमैप्ड मतदाताओं की सूची देख सकते हैं। वहीं voters.eci.gov.in के माध्यम से नाम सुधार, नाम विलोपन तथा अन्य मतदाता संबंधी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

अखिलेश यादव बोले- यूपी में SIR के बहाने काटे गए कई वोटरों के नाम, चुनाव आयोग और सरकार ने रची साजिश  

जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां 2,372 मतदान केंद्र थे, वहीं 112 नए केंद्र जुड़ने के बाद अब इनकी कुल संख्या बढ़कर 2,484 हो गई है।

शिकायत के लिए 1950 हेल्पलाइन पर करें संपर्क

निर्वाचन विभाग ने एसआईआर अभियान से जुड़ी शिकायतों और जानकारी के लिए 1950 कॉल सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई है। विभाग के अनुसार इस हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 25 से 30 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

Location :  Dhanbad

Published :  29 June 2026, 11:39 AM IST

Advertisement