हिंदी
निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से तीन की मौत (Img: Dynamite News)
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को आमेर क्षेत्र के चंदवाजी थाना इलाके में निर्माणाधीन रिसॉर्ट की दीवार अचानक ढह गई। हादसे के समय वहां कई मजदूर सीवरेज लाइन और नाले की खुदाई का काम कर रहे थे। देखते ही देखते भारी दीवार मजदूरों पर गिर गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
हादसे में दो महिला मजदूरों समेत तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं 12 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों का इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रशासन का कहना है कि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया गया।
मंत्री की चेतावनी भी बेअसर! आखिर किसके इशारे पर प्रदर्शनकारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया। भारी मशीनों और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का काम किया गया। जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और हादसे की असली वजह सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल के पास नाले की काफी गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान पास की निर्माणाधीन इमारत की दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई। हालांकि प्रशासन ने अभी हादसे की अंतिम वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Location : Jaipur
Published : 29 June 2026, 2:37 PM IST