पहले अगवा, फिर मारपीट और लूट… मुंबई में वर्दीवालों का खौफनाक खेल आया सामने, जानिये पूरी वारदात

मुंबई के जूहू इलाके में दो पुलिसकर्मियों द्वारा फॉरेक्स कंपनी के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का अपहरण कर 10,000 डॉलर लूटने का मामला सामने आया है। दोनों आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है और जांच चल रही है।

Updated : 28 March 2026, 11:07 AM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई के जूहू इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक फॉरेक्स कंपनी के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का कथित तौर पर अपहरण कर उससे 10,000 अमेरिकी डॉलर लूट लिए गए। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल पाए गए हैं।

क्या हुआ और कैसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बांद्रा स्थित एक फॉरेक्स कंपनी में काम करता है और डिलीवरी के सिलसिले में जूहू पहुंचा था। इसी दौरान जूहू सर्कल के पास आरोपियों ने उसे जबरन एक एर्टिगा कार में बैठा लिया। कार के अंदर उसके साथ मारपीट की गई और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।

इसके बाद आरोपी पीड़ित को दहिसर ले गए, जहां उससे 10,000 डॉलर से भरा बैग छीन लिया गया। आरोप है कि इस दौरान पीड़ित की लगातार पिटाई भी की गई। हालांकि, पीड़ित ने किसी तरह शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और मामला उजागर हो गया।

नेपाल की सियासत में फिर आया नया भूचाल! पूर्व PM केपी शर्मा ओली गिरफ्तार, मेडिकल जांच के लिए पहुंचे अस्पताल; जानिये बड़ा अपडेट

कौन हैं आरोपी?

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप शिंदे (33) और गजेंद्र राजपूत (40) के रूप में हुई है। ये दोनों क्रमशः बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन में तैनात थे। आरोप है कि दोनों ने अपनी वर्दी और पद का दुरुपयोग करते हुए इस अपराध को अंजाम दिया।

गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। भीड़ को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। दूसरा आरोपी फरार हो गया, जिसे बाद में ठाणे स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, उगाही, डकैती और सरकारी कर्मचारी बनकर अपराध करने जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

कानपुर हत्याकांड: गैंगस्टर विकास दूबे के दो साथी मुंबई से गिरफ्तार, फायरिंग के बाद कार-ट्रक से हुए थे फरार

आगे की जांच में क्या?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने विदेशी मुद्रा की जानकारी मिलने के बाद इस वारदात की योजना बनाई थी। हालांकि लूटी गई रकम अभी तक बरामद नहीं हो सकी है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इस मामले में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ने की उम्मीद है।

Location :  Mumbai

Published :  28 March 2026, 10:51 AM IST

Related News

Advertisement