हिंदी
नीट पीजी 2026 के नतीजे घोषित (Img- Pinterest)
New Delhi: राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) ने नीट पीजी 2026 (NEET PG 2026) का रिजल्ट घोषित करके लाखों अभ्यर्थियों को हैरान कर दिया है। सूचना बुलेटिन के अनुसार परिणाम 30 सितंबर को जारी होना था, लेकिन बोर्ड ने 24 सितंबर को ही नतीजे घोषित कर दिए। इस परीक्षा में एमडी, एमएस, डीएनबी और पीजी मेडिकल डिप्लोमा कोर्सेज में प्रवेश पाने वाले करीब 2.66 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की गई थी, जबकि जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी दिक्कत के कारण 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा ली गई थी। अब अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी रैंक और प्राप्तांक चेक कर सकते हैं।
एनबीईएमएस ने परिणाम के साथ ही श्रेणीवार न्यूनतम योग्यता पर्सेंटाइल और कटऑफ अंक भी जारी कर दिए हैं। अनारक्षित और ईडब्ल्यूएस (General/EWS) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 50वां पर्सेंटाइल यानी न्यूनतम 262 कटऑफ अंक तय किया गया है।
वहीं, सामान्य दिव्यांग श्रेणी के लिए कटऑफ 45वां पर्सेंटाइल (244 अंक) रखा गया है। एससी, एसटी और ओबीसी (दिव्यांगों सहित) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए 40वां पर्सेंटाइल यानी 226 अंक क्वालिफाइंग कटऑफ घोषित किया गया है। परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पात्र होंगे।
NEET SS 2025 में अब कम नंबर पर भी मौका! कट-ऑफ 30 पर्सेंटाइल, करीब 6000 उम्मीदवारों को फायदा
परिणाम में फिलहाल अभ्यर्थियों के प्राप्त अंक और ऑल इंडिया रैंक उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, व्यक्तिगत स्कोरकार्ड (Individual Scorecards) और आधिकारिक उत्तर कुंजी (Official Answer Key) 1 अक्तूबर 2026 से आधिकारिक पोर्टल natboard.edu.in पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
लॉगिन डैशबोर्ड के जरिए छात्र प्रत्येक प्रश्न आईडी, अपनी रिस्पॉन्स आईडी और दिए गए अंक का मिलान कर सकेंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम का यह दस्तावेज भविष्य में प्रवेश और सत्यापन की प्रक्रिया के लिए संभालकर रखना अनिवार्य है।
सिक्किम के छात्रों को बड़ा तोहफा: IIT कानपुर के साथ मिलकर मिलेगी JEE-NEET की फ्री कोचिंग
नीट पीजी का परिणाम घोषित होने के बाद अब अखिल भारतीय कोटा (AIQ) और राज्य कोटा सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्यों की 50 प्रतिशत सीटों के लिए संबंधित राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी आरक्षण नीति, पात्रता नियमों और दिशानिर्देशों के आधार पर अलग से अंतिम मेरिट सूची तैयार करेंगे। मेडिकल की उच्च शिक्षा में सीट पक्की करने के लिए उम्मीदवारों को अपनी रैंक के अनुसार आगामी राज्य और केंद्रीय काउंसलिंग सत्र पर कड़ी नजर रखनी होगी।
Location : New Delhi
Published : 24 September 2026, 3:14 PM IST